नयी दिल्ली, (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि पूरे देश में चले उसके ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान की सफलता के बाद अब आगामी 14 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के मसले पर विशाल महारैली का आयोजन होगा जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव में हो रही कथित हेरा फेरी के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा “वोट चोरी का साया आज हमारे लोकतंत्र पर मंडरा रहा सबसे बड़ा खतरा है। हमारे संविधान को नष्ट करने की इन कोशिशों के खिलाफ पूरे देश में संदेश देने के लिए, कांग्रेस 14 दिसंबर दोपहर डेढ़ बजे यहां रामलीला मैदान में ‘वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली’ आयोजित करेगी।”
उन्होंने कहा “हमें देश के कोने-कोने से करोड़ों हस्ताक्षर मिले हैं, जिनमें भाजपा-निर्वाचन आयोग की कपटपूर्ण रणनीतियों—जैसे फर्जी मतदाताओं को जोड़ना, विपक्ष समर्थक मतदाताओं को हटाना और बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में हेरा-फेरी—को सख्ती से खारिज कर दिया गया है। यही नहीं, हर देशवासी ने देखा है कि कैसे चुनाव आयोग नियमों को तोड़ता है, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघनों को नज़रअंदाज़ करता है और भाजपा को चुनावों में धांधली करने में मदद करने के लिए दिनदहाड़े हेराफेरी करता है।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि आयोग पहले तटस्थ होकर काम करता रहा था लेकिन अब पक्षपाती बन गया है और चुनाव में सभी को समान अवसर देने की लोकतंत्र की समृद्ध परम्परा को पूरी तरह से नष्ट कर रहा है।
उन्होंने कहा “देश की चुनावी व्यवस्था पर यह हमला हमारी आँखों के सामने हो रहा है, हम चुप नहीं बैठेंगे। यह महारैली भारतीय लोकतंत्र को वोट चोरों के चंगुल से छुड़ाने की हमारी लड़ाई की शुरुआत मात्र है।”
