
गुना। जिले में शुक्रवार को पीजी कॉलेज में चल रहे बीएलओ प्रशिक्षण के दौरान एक हृदय रोगी शिक्षक की तबीयत बिगडऩे और बेहोश होकर गिर जाने की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि प्रशिक्षण के दौरान जब शिक्षक ने अधिकारियों के सामने अपनी बीमारी और परेशानी बताई तो समस्या का समाधान करने के बजाय अधिकारी उल्टे उस पर फट पड़े और सस्पेंड कर देने तक की धमकी दे दी। इससे शिक्षक की स्थिति और बिगड़ी और वह वहीं बेहोश हो गया। साथी शिक्षकों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक चंद्रप्रकाश लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित हैं। उनकी बीएलओ ड्यूटी विद्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर लगा दी गई थी। जब उन्होंने प्रशिक्षण में मौजूद अधिकारियों से अनुरोध किया कि उनकी बीमारी को देखते हुए ड्यूटी स्थान में बदलाव किया जाए, तो अधिकारियों ने बात अनसुनी करते हुए कथित रूप से डांट-फटकार के साथ कार्रवाई की चेतावनी दे दी। इसी तनावपूर्ण माहौल में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना की सूचना फैलते ही शिक्षकों में आक्रोश फैल गया। दर्जनों शिक्षक अंबेडकर चौराहे पर जमा हुए और चक्काजाम कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएलओ कार्य को लेकर शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव और दुव्र्यवहार किया जा रहा है, जबकि उनका मुख्य कार्य शिक्षण है। शिक्षकों ने यह भी कहा कि यदि धीरे-धीरे ऐसे दबाव बढ़ते रहे तो शिक्षण व्यवस्था पर सीधा असर पड़ेगा। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती शिक्षक की हालत नाजुक बताई गई है। मामले की सूचना पर तहसीलदार और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। शिक्षकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
