नैनपुर कांड: स्कूली ड्रेस में शराब खरीदती छात्राओं की तस्वीरें वायरल, प्रशासन में मचा हड़कंप

मंडला। नैनपुर की एक शराब दुकान से स्कूल यूनिफॉर्म में छात्राओं द्वारा शराब खरीदने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया। मासूम उम्र में इस तरह का दृश्य देखकर आमजन, अभिभावक और प्रशासन सभी हैरान रह गए।

तस्वीरें सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया। शाम तक एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर स्वयं मौके पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का गहराई से अध्ययन किया, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि दुकान संचालक ने वाकई नाबालिग छात्राओं को शराब बेची थी। एसडीएम ने कहा कि यह कार्य शराब विक्रय लाइसेंस की शर्तों का गंभीर उल्लंघन है और ऐसी लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

प्रशासन ने आबकारी विभाग को कठोर जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं चर्चा इस बात की है कि जहाँ इस अपराध में छह माह से तीन वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है, वहाँ मात्र दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाकर प्रकरण समाप्त कर देना जनभावनाओं को विचलित कर रहा है।

जनता का सवाल है कि जब कानून स्पष्ट है तो अपराधी को सजा से क्यों बचाया गया? क्या प्रशासनिक उदारता ने कानून की गंभीरता को कमजोर किया? यह मामला केवल एक दुकानदार की लापरवाही नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर भी गंभीर प्रश्न उठाता है।

नाबालिगों को नशे की लत से बचाने की जिम्मेदारी सिर्फ परिवारों की नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की भी है,और नैनपुर की यह घटना उस जिम्मेदारी पर गहरा सवाल खड़ा करती है।

Next Post

विदेशी महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Sat Oct 25 , 2025
इंदौर। खेलों के शहर की छवि को धूमिल करने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया की एक महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने अकील नामक युवक को गिरफ्तार किया है। विदेशी खिलाड़ी शहर में आयोजित एक प्रतियोगिता में भाग लेने आई थी। इसी दौरान आरोपी […]

You May Like