दिल्ली, 30 मई (वार्ता) उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कृषि उत्पादों के बाजार में किसानों की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान करते हुए गुरुवार को कहा कि विकसित भारत के निर्माण में खेती किसानी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। श्री धनखड़ ने आज नैनीताल में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में शिक्षकों के साथ संवाद किया। राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में कृषि और किसानों के महत्व का उल्लेख करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा, “भारत को 2047 में विकसित राष्ट्र बनाने के महायज्ञ में सबसे महत्वपूर्ण आहुति किसान की होगी।” उन्होंने किसानों को कृषि उत्पादों के व्यवसाय, उनसे जुड़े उद्योगों में भागीदार बनाने पर ज़ोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि उत्पादों के बाजार और उनके मूल्य संवर्धन में शामिल होना चाहिए। श्री धनखड़ ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों को किसानों में उच्च मूल्य वाली उपज और नई तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित किया। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय देश का प्रथम कृषि विश्वविद्यालय है जिसकी स्थापना वर्ष 1960 में हुई थी। हरित क्रांति में इस विश्वविद्यालय ने अहम भूमिका निभाई।