
इटारसी। नर्मदापुरम पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत 5.35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
11 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर इटारसी पुलिस ने रोशन मालवीय, विवेक मनवारे और रमाकांत तिवारी को चोरी की बाइक बेचते पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने मंदिर के पास से बाइक चोरी करने और भोपाल-होशंगाबाद क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चुराकर इटारसी में बेचने की बात कबूल की। बरामद बाइकों में होंडा शाइन, हीरो पैशन प्रो, होंडा लिवो और एचएफ डीलक्स शामिल हैं।
आरोपियों में विवेक के खिलाफ जीआरपी इटारसी में मोबाइल चोरी और रमाकांत पर मारपीट व जुआ सहित कई मामले दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा और थाना प्रभारी गौरव बुंदेला के नेतृत्व में हुई। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
