
बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिखलार स्थित सुरमा खदान तालाब में नहाने गए 10 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। यह दुखद घटना शनिवार शाम लगभग 4 बजे की है। मृतक बालक की पहचान सागर वरकड़े पिता सीताराम वरकड़े निवासी ग्राम कुटंगा थाना चिचोली के रूप में हुई है, जो बीते चार वर्षों से अपने परिवार सहित चिखलार में निवास कर रहा था और मजदूरी का कार्य करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, सागर शनिवार शाम अपने एक अन्य साथी के साथ तालाब पर नहाने गया था। नहाने के दौरान सागर गहरे पानी में चला गया और डूब गया, जबकि उसका साथी वहां से चला गया। सागर के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी दौरान ग्रामीणों ने तालाब किनारे सागर के कपड़े पड़े होने की सूचना परिजनों को दी।
इसके बाद रविवार सुबह लगभग 5 बजे पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तालाब से बालक का शव बरामद किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक सागर अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था और चौथी कक्षा का छात्र था। उसकी एक बड़ी बहन भी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
