लहार में किसानों पर लाठीचार्ज, कई घायल

*खाद लेने सोसायटी पर पहुंचे थे*

नवभारत न्यूज

भिंड। लहार कस्बे में सोमवार को सहकारी समिति से खाद लेने पहुंचे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे 3 से 4 किसान घायल हो गए। लाठीचार्ज से नाराज किसानों ने विरोध शुरू कर दिया। जानकारी लगते ही लहार विधायक अंबरीश शर्मा मौके पर पहुंचे और अन्नदाता का पक्ष लेते हुए प्रशासन से सख्त लहजे में बात की। वहीं, भिंड एसपी असित यादव ने दोषी प्रधान आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया।

सोमवार को तीन दिन की छुट्टी के बाद जिलेभर की सहकारी समितियां खुलीं। लहार की वृहत्ताकार समिति पर सुबह से किसान खाद लेने पहुंच गए थे। दोपहर बाद व्यवस्था बिगड़ गई। कर्मचारी वितरण संभालने में नाकाम रहे। भीड़ बढ़ने पर समिति प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया। किसानों को बैठने को कहा, नहीं मानने पर लाठियां चलाई किसान धूप और उमस में लंबे समय से खड़े थे। पुलिस ने आदेश दिया कि सभी जमीन पर बैठ जाएं। किसानों ने इसका विरोध किया तो लहार थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामराज सिंह गुर्जर ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे किसानों में हड़कंप मच गया।

*भाजपा विधायक शर्मा ने बताया किसानों का अपमान*

लाठीचार्ज की खबर लगते ही लहार विधायक अंबरीश शर्मा को किसानों ने फोन किया। शर्मा ने तुरंत जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बात कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि खाद लेने आए किसानों को पीटना अन्नदाता का अपमान है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

*एसपी ने जवान को लाइन अटैच किया*

भिंड एसपी असित यादव ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रधान आरक्षक रामराज सिंह गुर्जर को लाइन अटैच कर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।किसानों ने कहा कि हम सुबह से भूखे-प्यासे लाइन में खड़े थे। फसल बोने का समय निकल रहा है। खाद नहीं मिल रही और ऊपर से पुलिस हमें पीट रही है। सरकार किसानों को मदद देने के बजाय मुसीबत में डाल रही है।

Next Post

इंदौर, जबलपुर, कटनी, बड़वानी और आगर मालवा के कलेक्टर बदले, सुदाम खाड़े इंदौर कमिश्नर बने, दीपक सक्सेना CPR होंगे 

Mon Sep 8 , 2025
भोपाल। मध्यप्रदेश में सोमवार को एक बार फिर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। देर रात जारी आदेश के तहत 14 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसमें पांच जिलों इंदौर, जबलपुर, कटनी, बड़वानी और आगर मालवा के कलेक्टर बदले गए हैं। जनसंपर्क आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को […]

You May Like

मनोरंजन