सीहोर। बुदनी उप वन मंडल अधिकारी (सामान्य) श्रीमती सुकृति ओसवाल को एक युवक ने फोन पर धमकाते हुए खुद को पत्रकार बताकर बार-बार रुपये की मांग की। आरोपी की पहचान शाहगंज निवासी आरिफ के रूप में हुई है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कहा कि आपके क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कटाई हो रही है। यदि एक-दो लाख रुपये नहीं दिए तो वह विभाग के खिलाफ मीडिया में शिकायत करेगा। रकम कम करते-करते आरोपी ने 20 हजार और अंत में 3 से 5 हजार रुपये तक देने का दबाव बनाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप वन मंडल अधिकारी ने आरोपी की कॉल रिकॉर्ड कर उसकी ऑडियो फाइल पेन ड्राइव के साथ पुलिस को सौंपी। इसके आधार पर थाना बुदनी पुलिस ने आरिफ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होगी।
इनका कहना है….
कुछ दिनों से मुझे आरिफ पठान जो अपने आप को पत्रकार बता रहा था और पैसे की मांग कर रहा था पैसे नहीं देने पर पेपर में बवाल खड़ा करने की बात कर रहा था. मैं बुधनी डिवीजन के अधिकांश पत्रकारों को जानती हूं मुझे शक हुआ कि शायद कोई फर्जी पत्रकार बनकर मुझे ब्लैकमेल करना चाहता है, मेरे द्वारा आज थाना बुदनी जाकर FIR दर्ज कराई गईं है और अपने वरिष्ठ अधिकारी को भी सूचना दी है
श्रीमती सुकृति ओसवाल
उप वनमंडलाधिकारी बुधनी जिला सीहोर
