फोर्ट लॉडरडेल,(फ्लोरिडा), 21 अगस्त (वार्ता) अपने कप्तान और स्टार लियोनेल मेसी के बिना खेली इंटर मियामी सीएफ ने टाइग्रेस यूएएनएल को हराकर लीग्स कप टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
चेज स्टेडियम में बुधवार रात खेले गये क्वार्टरफाइनल में इंटर मियामी ने टाइग्रेस यूएएनएल पर 2-1 से नाटकीय जीत दर्ज की। लियोनेल मेसी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण यह मैच नहीं खेले।
इंटर मियामी के लिए लुइस सुआरेज ने दो पेनल्टी पर शानदार गोल कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। सुआरेज ने 23वें मिनट गोलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद टाइग्रेस के एंजेल कोरेया ने 67वें मिनट में गोलकर स्कोर को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। सुआरेज ने 89वें मिनट में एक बार फिर गोलकर अपनी टीम की जीत पक्की कर दी।
मैच के दौरान इंटर मियामी के कोच मुख्य कोच जेवियर मास्चेरानो को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया।उनके सहायक कोच, लिएंड्रो स्टिलिटानो ने उनकी जगह ली।

