
बालाघाट। वारासिवनी में श्री सदगुरु कोष्टी समाज उन्नति परिषद के तत्वावधान में रविवार को भुजली पर्व बड़े उत्साह से मनाया गया। कबीर कुटी भवन में पूजा-अर्चना के बाद भुजली शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बच्चियों ने झाल लेकर सहभागिता की। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चंदन नदी पर विसर्जन के साथ संपन्न हुई। सुबह समाज के युवाओं ने जयघोष के साथ बाइक रैली निकाली, जो नगर के प्रमुख चौकों का भ्रमण कर समाप्त हुई। भुजली पर्व नगर की एकता और भाईचारे का प्रतीक है, जिसे देखने पड़ोसी राज्यों से भी लोग आते हैं। नवविवाहिताएं इस दिन व्रत रख परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। विसर्जन के बाद कबीर कुटी भवन में भुजली मिलन समारोह हुआ, जिसमें अतिथियों का स्वागत और होनहार छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। गोलीबारी चौक पर मेला भी सजा, जहां बच्चों और महिलाओं ने झूले का आनंद लिया। कार्यक्रम में विधायक विवेक विक्की पटेल, पूर्व विधायक डॉ. योगेंद्र निर्मल समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजजन मौजूद रहे।
