नारायणगंज :जनपद पंचायत नारायणगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरी में नल-जल योजना अधर में लटकी हुई है। ठेकेदार द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए ग्राम की पक्की सीसी सड़कों को जगह-जगह खोद दिया गया, लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी ना तो लाइन कनेक्शन पूरा किया गया और ना ही गड्ढों की मरम्मत की गई।
इस अधूरे काम के कारण ग्राम खैरी के बैगा टोला, कुम्हारी मोहल्ला और बर्मन टोला में रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के मौसम में कीचड़ और जलभराव से हालात और बदतर हो गए हैं। ग्रामीणों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग और अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिले। नाराज ग्रामीणों ने अब जनपद पंचायत सीईओ को लिखित आवेदन सौंपकर कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने की मांग की है।
Phe विभाग और पंचायत के बीच जिम्मेदारी टालने का खेल चल रहा है, जिससे काम ठप पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि “गर्मी बीत गई, अब बारिश भी आ गई, लेकिन ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ रखा है।”ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल जांच कर कार्यवाही की जाए और अधूरा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।
