प्रधानमंत्री ने घाना के राष्ट्रपति ,उनकी पत्नी, उपराष्ट्रपति और स्पीकर को खास उपहार दिए

नयी दिल्ली,03 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घाना के राष्ट्रपति, उनकी पत्नी,उपराष्ट्रपति और संसद अध्यक्ष को खास उपहार प्रदान किए जिनमें भारतीय कला और संस्कृति की बेहतरीन झलक है।

प्रधानमंत्री ने घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा को कर्नाटक की मशहूर बिदरी कला का फूलदान भेंट किया है। कर्नाटक के बीदर में तैयार फूलदानों की यह बेहतरीन जोड़ी भारत के प्रसिद्ध धातु शिल्प को दर्शाती है। कुशल कारीगरों द्वारा हस्तनिर्मित, फूलदान जिंक-कॉपर मिश्र धातु से बने हैं और ये कर्नाटक की समृद्ध शिल्प विरासत और कालातीत कलात्मकता का प्रतीक हैं

श्री मोदी ने घाना के राष्ट्रपति की पत्नी लॉर्डिना महामा को ओडिशा के कटक की प्रसिद्ध तारकासी कारीगरी वाला सिल्वर पर्स भेंट किया है। इस पर्स को बारीक चांदी के तारों से हाथ के जरिए बुना गया है। इसमें बेल-बूटों और फूलों की डिजाइन बनाया गया है जो इसे बेहद आकर्षक बनाता है। ओडिशा के कटक का यह खूबसूरत सिल्वर फिलिग्री वर्क पर्स, इस क्षेत्र के प्रसिद्ध तारकासी शिल्प का एक शानदार उदाहरण है।

श्री मोदी ने घाना की उपराष्ट्रपति जेन नाना ओपोकू-अग्यमंग को पश्मीना शॉल उपहार में दी है। बेहतरीन गुणवत्ता और अद्वितीय सुंदरता वाली पश्मीना शॉल जम्मू- कश्मीर से आती है। कश्मीर में चंगथांगी बकरी के बढ़िया अंडरकोट से तैयार यह शानदार पश्मीना शॉल, कलात्मकता और शान का प्रतिनिधित्व करता है। अपनी असाधारण कोमलता, गर्मजोशी और हल्केपन के लिए प्रसिद्ध, शॉल में कश्मीरी विरासत झलकती है। प्रत्येक टुकड़े में कुशल कारीगरों द्वारा सावधानीपूर्वक हाथ से कताई, बुनाई और कढ़ाई शामिल होती है।

प्रधानमंत्री ने घाना के संसद अध्यक्ष अल्बन बैगबिन को पश्चिम बंगाल में तैयार किया गया लघु हाथी अंबावरी भेंट किया है। यह भारत की राजशाही परंपराओं और कलात्मक विरासत का प्रतीक है। इस अंबावरी में हाथी पर सजी भव्य सवारी, छतरी और फूलों की कारीगरी बेहद बारीकी से उकेरी गई है।

पश्चिम बंगाल में हस्तनिर्मित यह अति सुंदर लघु हाथी अंबावरी शाही परंपरा और भारत की समृद्ध कलात्मक विरासत का प्रतीक है। यह पॉलिश किए गए सिंथेटिक हाथीदांत से बनाया गया है। यह एक सुंदर सजावटी टुकड़ा और एक सार्थक उपहार है जो भारत की शाही भव्यता, बेहतरीन शिल्प कौशल और कालातीत सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

 

Next Post

डालर के मुकाबले रुपया 31 पैसे मजबूत

Thu Jul 3 , 2025
नयी दिल्ली 03 जुलाई (वार्ता) अंतर बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में गुरुवार को रुपया अमेरिकी डालर के साथ 31 पैसे मजबूत हो कर 85.31 (अनंतिम) रुपये प्रति डालर पर बंद हुआ। रुपया प्रारंभ में नरमी दिखी लेकिन, ब्रेंट क्रूड की नरमी तथा अन्य प्रमुख एशियायी मुद्राओं के आगे अमेरिकी मुद्रा […]

You May Like