
इंदौर. ग्रामीण क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की तलवार से निर्मम हत्या कर दी और उसके शव को चुपचाप श्मशान ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया. लेकिन गांव वालों की सतर्कता से आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पुलिस ने चिता पर रखे शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया.
घटना हातोद थाना क्षेत्र के पाल काकरिया गांव की है. 28 वर्षीय पूजा की हत्या उसके पति धर्मेंद्र पाछड़ा ने की. शुक्रवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद धर्मेंद्र ने गुस्से में आकर घर में रखी तलवार से पत्नी पर हमला कर दिया. तलवार के वार इतने गंभीर थे कि पूजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी ने शव को कपड़े में लपेटा और अंतिम संस्कार की तैयारी करते हुए श्मशान घाट ले गया. वह चुपचाप चिता तैयार कर रहा था और शव को उस पर लेटा भी दिया था, लेकिन इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे देख लिया. उन्हें शक हुई तो वे मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही हातोद थाना प्रभारी संगीता सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही धर्मेंद्र को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने शव को चिता से उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना के वक्त मृतका के दो बच्चे सात और पांच साल के स्कूल में थे. जबकि आरोपी की मां घर से बाहर जंगल में बकरी चराने गई थी. मामले में ग्रामीण एसपी हितिका वासल का कहना है कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह पति की चरित्र शंका सामने आई है. आरोपी से पूछताछ जारी है, वहीं मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
