शिलांग, (वार्ता) मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने मंगलवार को बताया कि वह मेघालय को यात्रा के लिए असुरक्षित बताने वाले अमेरिका के यात्रा परामर्श को गलत करार दिया है और कहा कि वह भारत में अमेरिकी राजदूत से इस मुद्दे को उठाएंगे।
श्री संगमा ने कहा कि अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा अपने नागरिकों को मेघालय की यात्रा न करने की चेतावनी देते हुए जारी किया गया लेवल-2 यात्रा परामर्श “राज्य की अनुचित तस्वीर पेश करता है”। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं भारत में अमेरिकी राजदूत से मिलूंगा और विदेश मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के माध्यम से उन्हें सूचित करूंगा कि इस तरह की अधिसूचना जारी की गयी है, जो बिल्कुल गलत है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि स्पष्टीकरण और विदेश मंत्रालय के साथ आवश्यक समन्वय से उस अधिसूचना को सुधारने में मदद मिलेगी, जिसे उन्होंने गलत अधिसूचना बताया है।” मेघालय को असुरक्षित मानने की निरंतर धारणा पर निराशा व्यक्त करते हुए श्री संगमा ने कहा, “यह बहुत दुखद है कि आज भी मीडिया मेघालय की सुरक्षा के बारे में सवाल पूछता है। बहुत हो गया। इस तरह के सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए। मेघालय पूरी तरह सुरक्षित है। ” इस बीच, मुख्यमंत्री ने मीडिया से नकारात्मक आख्यानों का मुकाबला करने में रचनात्मक भूमिका निभाने और राज्य और उसके लोगों के लिए वकील बनने का आग्रह किया।
