
ग्वलियर। आपात परिस्थिति में पुलिस की अलर्टनेस की जांच के लिए एसएसपी ने महाराजपुरा थाने का औचक कॉल कराया जिसमें एएसपी, सीएसपी आरआई और थाना प्रभारी सहित 77 कर्मचारी खरे उतरे और समय पर थाने न पहुंचने पर 11 पुलिसकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हालांकि पुलिस की सजगता से एसएसपी प्रभावित हुए और इसे और मजबूत करने के लिए पुलिसकर्मियों की प्रशंसा की है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि किसी भी आपात परिस्थिति में पुलिस का रिस्पांस टाइम चेक करने के लिए देर रात आपात कॉल कर थाने में पदस्थ सभी कर्मचारियों को चालीस मिनट में थाने पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। तय समय से पहले ही एएसपी के साथ ही वह थाने पहुंच गए और कॉल की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी नागेन्द्र सिंह, आरआई रंजीत सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी धर्मेन्द्र यादव के साथ अधिकतर अफसर और पुलिसकर्मी थाने पहुंच गए।
जितने भी पुलिसकर्मी इमरजेंसी कॉल पर थाने पहुंचे, उनकी तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं थी और वह इमरजेंसी में फुल ड्रेस के साथ थाने पहुंचे और आगे के निर्देश के लिए सजग थे। थाने पहुंचे इन 78 पुलिस कर्मियों की कप्तान द्वारा पीठ थपथपाई और इनकी तैयारियों की सराहना की।
महाराजपुरा थाने में कुल 106 पुलिसकर्मी पदस्थ हैं, जिसमें से 77 पुलिसकर्मी रात्रि दो बजे गणना में मौजूद रहे, जिसमें नौ जवान अवकाश पर थे और पांच जवान बाहर ड्यूटी पर गए थे, जबकि दो स्पेशल ड्यूटी में थे।
*अनुपस्थित रहे पुलिसकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी*
अनुपस्थित रहने वाले पुलिसकर्मियों की जांच की तो पता चला कि एएसआई रमेश राजावत, प्रधान आरक्षक ओमकार सिंह, जितेन्द्र सिंह, आरक्षक जितेन्द्र सिंह कुशवाह, संजय बघेल, प्रदीप यादव, गुरूदेव सिंह, नीरज तोमर, रामवीर गुर्जर, विकास शर्मा, विवेक शिवहरे, हरिओम बघेल, शुभम सिंह और पंकज कुमार चालक अनुपस्थित थे। जिन्हें पुलिस कप्तान ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि हाल में पाकिस्तान से चले तनाव के बाद पुलिस ने अपनी सुरक्षा तैयारियों को बढ़ाना शुरू कर दिया है, जिससे आपात स्थिति में तुरंत ही बल का मूवमेंट कराया जा सके और बचाव में जुटा जा सके। इसके लिए पुलिस की सक्रियता को तेज किया जा रहा है। आगे भी इस तरह की ड्रिल कर तैयारियों को परखा जाता रहेगा।
