
सीहोर. जिले के सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के टीबूपुरा गांव में रविवार सुबह 11 बजे के करीब खेलते-खेलते सात साल के बच्चे की कुएं में गिरने से मौत हो गई. जिस समय हादसा हुआ तब उसकी मां पास में ही खेत में इधर-उधर पड़े पत्थर को बीनकर एक जगह ढेर लगा रही थी. उसको जैसे ही पता चला तो आवाज लगाकर लोगों को बुलाया और बच्चे को बाहर निकाला. पुलिस के अनुसार टीबूपुरा निवासी अभिषेक पिता अर्जुन बंजारा खेल रहा था. इसी दौरान वह कुएं तक पहुंच गया. कुएं में झाकने के दौरान अचानक नीचे गिर गया. इसका पता चलते ही उसकी मां ने आवाज लगाकर लोगों को बुलाया. स्थानीय लोग बच्चे को कुएं से बाहर निकाल आष्टा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. सिद्दीकगंज थाने के एएसआइ एके दुबे ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. मुंडेरविहीन कुएं में गिरने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पूर्व भी हाल ही में मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम फूल मोगरा में बाइक से जा रहे दो युवक रात के अंधेरे में कुएं में गिर गए थे. इस दौरान कुएं के पत्थरों से चोट लगने से दोनों की मौत हो गई थी. इतने हादसे होने के बाद भी जिला प्रशासन मुंडेरविहीन कुओं को सुरक्षित करने के प्रयास करने की जहमत नहीं उठा रहा है.
