
इंदौर.नगीन नगर क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जब एक महिला पर उसके पति ने कैंची से हमला कर दिया. घटना उस समय हुई जब महिला ने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने से मना किया. गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
पीड़िता मंजू मंसारे ने एरोड्रम थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसका पति बलीराम मंसारे अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करता था. हाल ही में जब एक पारिवारिक शादी में शामिल होने की बात आई, तो मंजू ने व्यक्तिगत कारणों से वहां जाने से मना कर दिया. इस पर बलीराम ने बहस की और शराब के नशे में घर लौटकर मारपीट की. बात इतनी बढ़ गई कि उसने घर में रखी कैंची से मंजू पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई. परिजनों ने तुरंत मंजू को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया. एरोड्रम पुलिस ने बलीराम मंसारे के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और घरेलू हिंसा की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच जारी है, आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
