भोपाल। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था तथा कचरा पृथक्कीकरण सम्बन्धी कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि उक्त कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों में सुधार न होने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त नारायन ने निर्देशित किया कि स्वच्छता सम्बन्धी सभी कार्यों को निर्धारित मानकों अनुसार बेहतर ढंग से सुनिश्चित करें और हरित क्षेत्र की बेहतर साफ-सफाई एवं कचरा उठवाने, शत्-प्रतिशत कचरे का पृथक्कीकरण सुनिश्चित करने, विजिवल क्लीनेस को और बेहतर बनाने, सम्पत्ति विरूपण करने के लिए दीवारों खंबो आदि पर लगी प्रचार सामग्री तत्काल हटवाने तथा गन्ने के छिलकों को पृथक से एकत्र करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने बुधवार को कटारा हिल्स, चार इमली, लिंक रोड नम्बर 2, अरेरा कालोनी, होशंगाबाद रोड, भोजपुर मार्ग, मिसरोद, ग्यारह मील, बरई, कटारा हिल्स,लहारपुर , बागसेवनिया थाना, शिवाजी नगर आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और समक्ष में तथा वी.सी.के माध्यम से निर्देशित किया कि स्वच्छता सम्बन्धी सभी कार्यों को निर्धारित मानकों अनुसार सुनिश्चित करें। निगम आयुक्त नारायन ने दीवारों, खंबों आदि पर सम्पत्ति विरूपण करने के लिए लगाई गई प्रचार सामग्री, बैनर , पोस्टर, पम्पलेट आदि तत्काल हटाने एवं सम्पत्ति विरूपण करने वालों के विरूद्ध सख्ती से स्पॉट फाइन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने 11 मील में हरित क्षेत्र में पिकिंग कर सफाई कराने के निर्देश दिए।
दीवारों खंबो पर लगी प्रचार सामग्री तत्काल हटाओ, स्पॉट फाइन करो
