प्रदेश भाजपा में बड़े परिवर्तनों की तैयारियां शुरू

सियासत

प्रदेश भाजपा संगठन में इस समय तेज हलचल है. सूत्रों के अनुसार बड़े परिवर्तनों की तैयारियां चल रही हैं. प्रदेश अध्यक्ष के बहु प्रतीक्षित चुनाव के लिए राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल पिछले तीन दिनों से भोपाल में कैंप किए हुए हैं. इसके पहले अजय जमवाल ने संभाग स्तर का एक दौर पूरा कर लिया है. प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अधिकृत किया गया है लेकिन उनके पिताजी के निधन के कारण फिलहाल वो अपने घर उड़ीसा में ही हैं. बहरहाल, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक में सभी संभागीय पूर्व अध्यक्षों और जिलों के प्रभारी कोर टोली की बैठक आयोजित की गई.

बैठक में आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई. भाजपा के विभिन्न आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें.

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के हर जिले में विकास समितियों का गठन किया जाएगा और इन समितियों द्वारा दिए गए सुझावों पर सरकार अमल करेगी. साथ ही, उन्होंने आगामी जल गंगा संरक्षण अभियान का उल्लेख किया, जिसमें जल स्त्रोतों की सफाई और जीर्णोद्धार किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा, पार्टी कार्यकर्ताओं को इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए ताकि विकास का संदेश हर नागरिक तक पहुंचे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रदेश के 65,014 बूथों पर प्राथमिक सदस्यों के सम्मेलन का आयोजन करने की जानकारी दी.

पार्टी ने इस दिन को खास बनाने के लिए हर बूथ पर प्राथमिक सदस्य सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई है, जिसमें सभी बूथ पर सम्मेलन होंगे. इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक घर पर भाजपा का झंडा लगाएंगे. इसके अलावा, 7 से 12 अप्रैल के बीच भाजपा कार्यकर्ता गांव से बस्ती चलो अभियान में भाग लेंगे. इस अभियान के तहत कार्यकर्ता प्रत्येक दिन 8 घंटे तक गांवों और बस्तियों में जाकर भाजपा के इतिहास, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी देंगे.

Next Post

वक्फ संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश, इस पर आज ही चर्चा होगी

Wed Apr 2 , 2025
नई दिल्ली: लोकसभा में आज संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजुजू ने वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया। इस पर आज ही चर्चा होगी जिसके आज ही पारित होने के आसार है। रिजुजू ने बिल पेश करते हुए कहा कि इस पर संसदीय समिति में व्यापक चर्चा हुए है। इसलिए मुझे उम्मीद […]

You May Like