* घायलों की हालत गंभीर होने पर रामपुर नैकिन से रीवा किया गया रेफर
* मामला थाना रामपुर नैकिन अन्तर्गत पिपरांव चौकी क्षेत्र के गड़हरा का
नवभारत न्यूज
रामपुर नैकिन 26 अप्रैल। थाना रामपुर नैकिन अन्तर्गत पिपरांव चौकी क्षेत्र के गड़हरा में
पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दो देवरों ने विधवा भाभी, 3 भतीजी, दामाद पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात घायलों को रीवा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। आरोपियों में एक देवर आदतन अपराधी है। जिसके ऊपर सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना में आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इसके अलावा रीवा, जबलपुर एवं ब्यौहारी थाना में भी गंभीर मामलों में कई अपराध पंजीबद्ध है।
गड़हरा निवासी घायल सविता त्रिपाठी पति स्व. सूर्यप्रकाश त्रिपाठी 50 वर्ष की रिपोर्ट पर पिपरांव चौकी पुलिस द्वारा आरोपी दयाशंकर उर्फ बीएससी त्रिपाठी एवं रमाकांत त्रिपाठी, प्रीती त्रिपाठी, प्रिया त्रिपाठी सभी निवास ग्राम गड़हरा के विरुद्ध धारा 294. 323, 506, 34 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। घायल सविता त्रिपाठी केे अनुसार वह 25 अप्रैल 2024 को सुबह करीब 11 बजे घर से बांणसागर बैंक में खाता बंद कराने गई थी। वहां से गैस एजेंसी चरकी आई और इसके बाद अपने घर गड़हरा में शाम करीब 7 बजे पहुंच रही थी। घर के पहले ही पड़ोस में रहने वाला आदतन अपराधी दयाशंकर त्रिपाठी उर्फ बीएससी एवं रमाकांत त्रिपाठी पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर गाली-गलौच करने लगे। जब मना किया गया तो दोनो आरोपियों ने हांथ मुक्का एवं डंडा से मारपीट करना शुरू कर दिया। उसके द्वारा हल्लो गुहार मचाने पर बेटी सपना त्रिपाठी, आरती त्रिपाठी, काजल त्रिपाठी एवं विमल किशोर तिवारी बीच-बचाव करने आए। उसी दौरान आरोपियों की तरफ से प्रीती त्रिपाठी एवं प्रिया त्रिपाठी भी आकर गाली-गलौच एवं मारपीट में शामिल हो गई। आरोपियों द्वारा दामाद विमल किशोर तिवारी के ऊपर लाठी-डंडा एवं टांगी से काफी बेरहमी के साथ हमला किया गया। वहीं बीच-बचाव में आई उनकी तीनों बेटियों के साथ भी चारों आरोपियों ने काफी मारपीट की। मारपीट में विमल किशोर तिवारी के कान के पास से भी खून निकलना शुरू हो गया। साथ ही शरीर के अन्य भागों में मारपीट से गहरी चोंटे आई हैं। सविता त्रिपाठी एवं उसकी तीनों बेटियां भी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घायलों के सिर, हांथ, पैर, चेहरे में गंभीर चोंटे आई हैं।