भोपाल, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज प्रदेश के लगभग 90 हजार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए राशि अंतरित करेंगे।
इस दौरान प्रदेश के 89 हजार 700 से अधिक विद्यार्थियों के खाते में सीधे 224 करोड़ रुपये की राशि पहुंचेगी। इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में होगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा वर्ष 2023-24 में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक से उत्तीर्ण होने वाले 89 हजार 710 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सिंगल क्लिक से उनके बैंक खातों में 224 करोड़ रूपये की राशि भी अंतरित करेंगे।
प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लैपटॉप खरीदने के लिये 25 हजार रुपये की राशि दी जा रही है।
इसके पहले डॉ यादव सुबह राज्य कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण संस्थान बरखेड़ीकलां, भोपाल में ‘मध्यप्रदेश में जैविक खेती पद्धतियां एवं मूल्य श्रृंखला’ पर दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे।
शाम को डॉ यादव समत्व भवन में उद्योगपतियों से परिचर्चा एवं प्रोत्साहन राशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण करेंगे।
