परभणी, (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कहा कि आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल की लड़ाई राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक है और उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाग नहीं लेने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
श्री शिंदे ने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही अफवाहें कि मराठा समुदाय ने परभणी निर्वाचन क्षेत्र में यूबीटी उम्मीदवार बंडू जाधव को समर्थन दिया है, ”पूरी तरह से झूठ” हैं। उन्होंने मराठा समुदाय से विरोधियों की करतूतों को परास्त करने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री महायुति के परभणी लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार और राष्ट्रीय समाज पार्टी (आरएसपी) के संस्थापक अध्यक्ष महादेव जानकर के समर्थन में पठारी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने मराठा समुदाय का इस्तेमाल केवल वोट और सत्ता के लिए किया और कभी आरक्षण नहीं दिया। वही विरोधी अब यह अफवाह फैलाने लगे हैं कि अदालत उनकी सरकार द्वारा मराठा समुदाय को दिए गए दस फीसदी आरक्षण को रद्द कर देगी।
उन्होंने कहा, ”यह सुनिश्चित करना हमारी सरकार की जिम्मेदारी है कि मराठा आरक्षण अदालत में टिका रहे। विपक्ष को बताना चाहिए कि आरक्षण अदालत में क्यों नहीं टिक पाएगा और हम बताएंगे कि यह आरक्षण अदालत में कैसे टिकेगा।”
श्री शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार ने आरक्षण देते समय कुनबी प्रमाणपत्र भी बांटना शुरू कर दिया। उन्होंने पूछा, ”क्या विपक्ष ने कभी इस समुदाय को इसकी कुनबी स्थिति के बारे में एक भी सबूत दिया।”