ओंकारेश्वर:संत सियाराम बाबा के निधन के बाद शुक्रवार को आयोजित सत्रवी के कार्यक्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन पलट जाने के चलते दो लोगों की मृत्यु हो गई और करीब 20 घायल हो गए।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं से भरा वाहन ओवरटेकिंग के प्रयास में बेड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम जिरभार के समीप पलट गया। दुर्घटना के चलते बाहर गिरे 45 वर्षीय रामचंद्र मालाकार और 60 वर्षीय लखन मालाकार की वाहन के नीचे ही दब जाने से मृत्यु हो गयी। यह सभी लोग सालाखेड़ी के निवासी थे और आज संत सियाराम बाबा के निधन से जुड़े कार्यक्रम में सम्मिलित होकर लौट रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के चलते 20 लोग घायल भी हुए हैं। इनमें से आठ को बेड़िया के शासकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के उपरांत जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शेष को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
संत सियाराम बाबा का 11 दिसंबर को कसरावद तहसील के नर्मदा तट पर स्थित भट्यान ग्राम में निधन हो गया था। आज भटयान में चरण पादुकाओं की स्थापना और भंडारे का कार्यक्रम था, जिसमें 2 लाख से अधिक लोग शामिल हुए।