रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत ग्राम पटेहरा में हुई टावर गिरने की घटना
रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती आधा दर्जन भर्ती श्रमिकों में दो की हालत नाजुक
सीधी / रामपुर नैकिन:जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत ग्राम पटेहरा में आज दोपहर करीब 12:30 बजे सतना-निगरी 400 केव्ही हाईटेंशन लाइन के जर्जर टावर की शिफ्टिंग के कार्य के दौरान अचानक टावर के गिरने से कार्य में लगे दो श्रमिकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनो मृतक सगे भाई बताए गए। वहीं आधा दर्जन गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक गंभीर श्रमिक के और दम तोडऩे से मृतकों की संख्या तीन एवं घायलों की संख्या 6 हो गई है। मेडिकल कॉलेज रीवा में भर्ती दो श्रमिकों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यहां बताते चलें कि हादसे की चपेट में आए सभी श्रमिक एक हजार किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के हापुड़ जिले के थे। जो कि पावर ट्रैक इन्फ्रा मिदनापुर बेस्ट बंगाल कम्पनी में बिजली टावर लाइन में कार्य करते थे। हादसे के बाद सभी घायल श्रमिकों को आनन-फानन में प्रायवेट वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी श्रमिकों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार हेतु रीवा रेफर घायल श्रमिकों में दो श्रमिकों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त सभी श्रमिक 70 फिट ऊंचाई पर टावर में काम कर रहे थे।
तभी अचानक बीच से टावर टूट गया। टावर के टूटते ही सभी श्रमिक ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। वहीं कुछ समय के अंदर ही रामपुर नैकिन थाना पुलिस भी मौके पर आकर विवेचना कार्यवाही में जुट गई। हादसे के बाद सबसे प्राथमिक कार्य गंभीर रूप से घायलों को अच्छी उपचार सुविधा उपलब्ध कराना था। जिससे उनके स्वास्थ्य में जल्द से जल्द सुधार हो सके। तत्संंबंध में बताया गया है कि जिस जर्जर बिजली टावर के शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा था उसमें सुरक्षा को कोई ध्यान नहीं दिया गया था। जर्जर टावर में काफी ऊंचाई पर श्रमिकों को चढ़ा दिया गया था। जिसके चलते वह बिना सुरक्षा सामग्री के ही जल्द से जल्द जर्जर टावर के नट-बोल्ट खोलकर उनको अलग करने के काम में जुटे हुए थे। उसी दौरान अचानक जर्जर टावर बीच से धराशाई हो गया और काफी ऊंचाई पर काम कर रहे सभी श्रमिक जमीन पर गिर गए।
हादसे में दो सगे भाईयों की हुई मौत
बिजली टावर हादसे के मृतकों में सगे भाई अजमीर मोमिन, मुबारक नादाम पश्चिम बंगाल एवं सिंटू मोहिन बिहार शामिल हैं। वहीं घायल श्रमिकों में साहब शेख, एमादुल शेख, दिलदार हुसैन, दिलावर शेख, एसके माफन, हमीदुल नादाम शामिल हैं। दुर्घटना के शिकार सभी श्रमिक पश्चिम बंगाल के हापुड़ जिले के निवासी बताए गए हैं। यह श्रमिक बिजली टावर कंपनी में काम कर रहे थे। बताया गया है कि मृतक दोनो सगे भाई पिछले तीन सालों से मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली टावर से जुड़ी कंपनी में काम कर रहे थे। हादसे के शिकार सभी श्रमिक बिजली टावर निर्माण एवं सुधार कार्य से ही जुड़े बताए गए हैं।
सीईओ जिला पंचायत ने की घायलों से मुलाकात
जिले की तहसील रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम आमडाड 43 ग्राम पंचायत पटेहरा में रीवा सीधी रेलवे लाइन से प्रभावित 400 केवी जेपी निगरी सतना ट्रांसमिशन लाइन के टॉवर डायवर्जन का कार्य पावर ट्रेक इंफ्रा पश्चिम बंगाल कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। ट्रांसमिशन लाइन के दो टॉवर शिफ्ट करते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गए। दुर्घटना की जानकारी प्राप्त होते ही कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दुर्घटना में 3 श्रमिकों की मृत्यु हो गई तथा 5 मजदूर घायल हुए हैं। सभी श्रमिक पश्चिम बंगाल के हैं। गंभीर स्थिति के कारण 2 श्रमिकों को रीवा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है जबकि 3 का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन में किया जा रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों से मुलाकात की।
मृतक एवं घायल श्रमिकों को दी जायेगी सहायता राशि
कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी ने घायलों को समुचित चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों तथा घायलों के मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के प्रकरण प्रेषित किए जा रहे हैं। आवश्यकतानुसार रेडक्रॉस से आवश्यक आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जावेगी। मौके पर उपस्थित जेपी निगरी सुपर थर्मल पावर सतना के अधिकारियों ने बताया कि सभी श्रमिकों का इंश्योरेन्स है तथा उन्हें त्वरित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी तत्कालिक रूप से 3- 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।
कमजोर बिजली टावर की शिफ्टिंग का कार्य चल रहा था। उसी दौरान जर्जर हालत में खड़ा बिजली टावर अचानक गिर गया। जिससे यह बड़ा हादसा घटित हुआ है। हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हुई है। आधा दर्जन घायल श्रमिकों का उपचार चल रहा है।
डॉ. रवीन्द्र वर्मा, एसपी सीधी
घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल विवेचना शुरू कर दी गई है। हादसे का कारण प्रारंभिक तौर पर स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन इसकी पूरी जांच की जा रही है।
अरविंद श्रीवास्तव, एएसपी सीधी
पटेहरा गांव में बिजली टावर गिरने से हादसे की खबर मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गई।
सुधांशु तिवारी, टीआई रामपुर नैकिन