अवैध मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर इंदौर क्राइम ब्रांच का बड़ा प्रहार

नाइजीरियन सप्लायर और साथी गिरफ्तार

इंदौर: क्राइम ब्रांच इंदौर ने मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्यवाही करते हुए नाइजीरियन नागरिक और उसके भारतीय साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों को राजस्थान के किशनगढ़ (अजमेर) से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से कुल 28 ग्राम एमडी ड्रग्स और नाइजीरियन ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किया गया है।एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नाइजीरियन एंथोनी ओनेएका उर्फ मामा (37), दिल्ली में रह रहा था। उसके खिलाफ दिल्ली के मोहन गार्डन थाने में हत्या के प्रयास और अपहरण जैसे गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। एंथोनी के साथ अजमेर निवासी पीरचंद उर्फ बाला (35) को भी गिरफ्तार किया गया। अब तक कुल 116 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की जा चुकी है और मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि यह तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क है, जो कई राज्यों में सक्रिय है।

कैसे हुआ खुलासा?

इससे पहले, इंदौर पुलिस ने दो आरोपियों – आमिर गौरी और अयान खान – को 88 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में इन आरोपियों ने नाइजीरियन सप्लायर एंथोनी और अजमेर के बाला का नाम बताया। इसके बाद, तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर क्राइम ब्रांच ने किशनगढ़ हाईवे से दोनों को गिरफ्तार किया।

नाइजीरियन आरोपी का भारत में आपराधिक रिकॉर्ड

नाइजीरियन आरोपी एंथोनी ने खुलासा किया कि वह 2021 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। उसने दिल्ली में अफ्रीकन फूड की दुकान खोली, लेकिन इसके पीछे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का काम किया। एंथोनी पहले भी हत्या के प्रयास और अपहरण के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर हो रही सख्त कार्रवाई

प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच ने इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही करते हुए इस अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने का काम किया है।

आगे की जांच जारी

आरोपियों से पूछताछ में कई और अहम जानकारियां मिलने की संभावना है। इंदौर पुलिस ने नाइजीरियन अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी मांगी है। इंदौर पुलिस की यह कार्रवाई प्रदेश में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Next Post

राजस्थान सड़क हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि

Fri Dec 20 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नयी दिल्ली, 20 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से […]

You May Like