बड़वानी, 13 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के वरला क्षेत्र में पुलिस ने आज महाराष्ट्र के दो बदमाशों को कई हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया।
वरला पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उमरठी घेंघाव रोड पर दो व्यक्तियों को रोका और उनसे पास से सात देसी पिस्टल, 9 कारतूस और दो मोबाइल जब्त किये। उनकी पहचान शुभम भुसारे निवासी वालचंदनगर जिला पुणे और आकाश सोनवने निवासी रिदुर जिला जलगांव के रूप में की गयी। उन्होंने बताया कि आकाश के विरुद्ध चार और शुभम के विरुद्ध तीन अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि यह हथियार उन्होंने वरला थाने के उमरठी ग्राम निवासी एक सिकलीगर से खरीदे थे। दोनों कॉलिंग के लिये व्हाट्सएप का उपयोग कर रहे थे। शीघ्र ही यह पता लगा लिया जाएगा कि उन्होंने यह हथियार किससे खरीदे हैं।शुभम पूर्व में एक ड्राइवर था और आकाश क्लीनर था। बाद में यह अपराध की दुनिया में आ गए। शुभम के ग्रुप का किसी से विवाद हुआ था और यह हथियार उपयोग में लेने के लिए खरीदे गए थे। दोनों आरोपियों को कल न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।