अंजुमन सोसायटी से वसूले मौके पर 2 . 60 लाख रुपए
इंदौर:नगर निगम राजस्व अमले ने शहर में बकाया संपत्ति कर वसूली के लिए सख्ती शुरू कर दी है. आज निगम के जोन 3 के अधिकारियों ने एक ट्रस्ट भवन, चार दुकानें सील कर दी. वहीं एक अन्य सोसायटी से मौके पर ही राशि वसूलने के कारवाई भी की.शहर में नगर निगम ने संपत्ति कर वसूली का नया तरीका ढिंढोरा पीट कर राजस्व वसूलने की नीति अपनाई है। इसी क्रम में आज नगर निगम ने आज वार्ड 57 में स्थित जेल रोड पर 6 लक्ष्मी निवास ट्रस्ट पर संपत्ति कर राशि 13. 34 लाख रुपए बकाया होने पर भवन सील करने की कारवाई की. इस दौरान निगम के सहायक राजस्व अधिकारी और कर्मचारियों ने ढोल पिट कर बकाया होने के जानकारी दी, लेकिन ट्रस्ट की तरफ से मौके पर कोई नहीं आया.
इसी तरह निगम अधिकारियों ने सुभाष मार्ग पर राजा भाऊ शर्मा की चार दुकानें ढोल बजाकर सील कर दी। शर्मा पर निगम का 3.45 लाख रुपए संपत्ति कर बकाया है. नगर निगम का अमला इसके बाद वार्ड 58 में स्थित अंजुमन सोसायटी की बिल्डिंग पर पहुंचा और वहां ढोल बजवाया. ढोल बजाने के बाद निगम अधिकारी सील करने की कारवाई करते, उसके पहले ही सोसायटी ने बकाया 2.60 लाख का संपत्ति कर जमा कर दिया. निगम की राजस्व वसूली उक्त कारवाई जोन 3 के सहायक राजस्व अधिकारी अरविंद निकम और कर्मचारियों द्वारा की गई.