सिवनी। जिले के आदिवासी बहुल ब्लॉक घंसौर के अंतर्गत आने वाले बगदरी गांव के पास घाट में सोमवार सुबह 9.30 एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें 9 लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें जबलपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बगदरी गांव से कुछ लोग तूफान वाहन में सवार होकर घंसौर आ रहे थे। जब वह बगदरी घाट के पास पहुंचे, तभी हादसा हो गया। घटना की जानकारी प्रत्यक्ष दर्शियों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। वह यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा कैसे हुआ।
जानकारी के अनुसार संतोष कुमार नंदा (35 वर्ष), शिवकली बाई नंदा (48 वर्ष), सुषमा नंदा (उम्र 32), सावित्री बाई भलावी (45 वर्ष), कुसुम नंदा (32 वर्ष), मनोज नंदा (28 वर्ष), छोटेलाल नंदा (56 वर्ष), प्रकाश चंद धुर्वे (35 वर्ष), नन्दराम सोनवाने (58 वर्ष)घायल हुए हैं।