खरगोन, 05 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद वन परिक्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए के शावक की मृत्यु हो गई।
खरगोन के वन मंडलाधिकारी रमेश राठौर ने बताया कि कसरावद वन परिक्षेत्र के अंतर्गत खरगोन इंदौर मार्ग पर बलगांव फाटे के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से कल रात्रि सात माह की मादा शावक की मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि कल रात्रि 9:30 बजे जानकारी मिलने पर रेंजर सचिन सायदे को वन अमले के साथ भेजा गया था। उन्होंने बताया कि यह प्रथम दृष्टया सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन से टक्कर का मामला प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल परीक्षण में तेंदुए को चोट पाई गई है। उन्होंने बताया कि जंगलों में तेंदूए का प्राकृतिक आवास होने के चलते इनकी संख्या में वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि पी ओ आर प्रकरण दर्ज कर सीसीएफ खंडवा वृत्त समेत वन विभाग के हेड क्वार्टर को सूचित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नियमों के मुताबिक मादा शावक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह दो दिन के भीतर खरगोन जिले में दूसरा मामला है कि जब तेंदुए की दुर्घटना के चलते मृत्यु हुई है। इससे पूर्व 3 दिसंबर को बड़वाह वन मंडल क्षेत्र के अंतर्गत काकड़ादा वन परिक्षेत्र में आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग के नए बाईपास को पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से डेढ़ से दो वर्षीय मादा तेंदुए की मृत्यु हो गई थी।