उज्जैन। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। गुरूवार शाम के बाद शुक्रवार शाम को भी तेज हवा के बीच गरज-चमक के साथ शहर में बारिश हुई। जिसके बाद मौसम में ठंडक आ गई थी। दिन में उमस भरा माहौल था, जिसकी वजह आसमान में बादल बने थे। पिछले 24 घंटे में 5.4 मिमी. बारिश दर्ज की जा चुकी है। आज भी बारिश व ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
अप्रैल माह की शुरूआत होने के बाद गर्मी के तेवर दिखाई देने लगे थे। पहले सप्ताह में तापमान 40 डिग्री पहुंच गया था, इसी बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में 13 अप्रैल तक बारिश-ओलावृष्टि होने का अनुमान जता दिया था। जो पिछले 2 दिनों से सही साबित हो रहा है। गुरूवार शाम शहर के तेज बारिश हुई, ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि का नजारा दिखाई दिया। जिसके बाद शुक्रवार को सूर्य उदय के बाद उमस का माहौल बन गया था। अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंचा, लेकिन शाम ढलने के बाद मौसम सुहाना हो गया और बारिश ने दस्तक दी। जिसके साथ 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफतार से हवा चली। मौसम में ठंडक आ गई थी और गर्मी-उमस से राहत मिल चुकी थी। मौसम विभाग की माने तो शनिवार को भी गरज-चमक और ओलावृष्टि हो सकती है।
रविवार से मौसम साफ हो सकता है
जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि बंगाल की खाडी से उठा पश्चिम विक्षोभ अब आगे की ओर बढ़ रहा है। रविवार से मौसम साफ हो सकता है, जिसके बाद गर्मी अपना असर दिखाने लगेगी। इस बार सबसे अधिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए है। इससे पहले कभी वर्षाकाल के बाद बारिश का इतने दिनों तक क्रम होना सामने नहीं आया है। सितंबर में मानसून समाप्त हो गया था, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के बार-बार सक्रिय होने पर बारिश लगातार बनी हुई है। गुरूवार शाम से शुक्रवार शाम तक 5.4 मिमी. बारिश दर्ज हुई है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं अधिकतम में उतार-चढाव आ रहा है।