ग्वालियर: भाजपा के संगठन पर्व एवं संगठनात्मक चुनाव को लेकर जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, संगठन चुनाव सहप्रभारी राकेश माहौर, राजू सेंगर एवं निर्वाचन सहयोगियों एवं मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में ग्वालियर महानगर के सभी 181 शक्ति केंद्रों की कार्यशाला हुई।इस अवसर पर वक्ताओं ने कार्यशालाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा संगठन का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, कार्यकर्ता सीखने पर ध्यान दें। हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि अपने-अपने शक्ति केंद्र व वार्डों के बूथों पर जो सदस्य बनें उन्हीं के बीच में सभी बूथों का गठन हो सके।
उन्होंने कहा कि बूथ समितियों का गठन पार्टी संगठन तथा पार्टी की गतिविधि और चुनाव अभियान को हमेशा मजबूत आधार देने वाली समिति है, इसलिए बूथ समिति के गठन के लिए जिले के वरिष्ठ नेताओं को शक्ति केंद्र संगठन पर्व सहयोगी के रूप में संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बूथ समिति के गठन हेतु भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 से 20 नवंबर के बीच बूथ समितियों का गठन किया जाएगा। जिसमें सक्रिय कार्यकर्ता को चिन्हित कर बूथ समितियों में दायित्व दिया जाएगा।
जिले की विभिन्न बूथ समितियों का गठन सर्वसम्मतिअथवा चुनाव द्वारा किया जाएगा, साथ ही बूथ समिति के 11 सदस्यों के चयन के पश्चात् बूथ की मतदाता सूची के पन्ना प्रमुखों का भी चयन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि बूथ अध्यक्ष के साथ 11 लोगों की समिति गठित की जाएगी जिसमें तीन महिला कार्यकर्ता होना अनिवार्य रहेगा। प्रत्येक बूथ पर 50 प्राथमिक सदस्यों के सूची के साथ उनका होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि बूथ अध्यक्ष का चुनाव सौहार्द पूर्ण वातावरण में हो इसका विशेष ध्यान रखना है, जो भी बूथ अध्यक्ष बने वो सक्रिय सदस्य हो तो और भी अच्छा होगा।