श्योपुर, भोपाल 12 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वोटिंग से दो दिन पहले ढोढर थाना क्षेत्र के धनाचया गांव में मोटर साइकिल से आए बदमाशों ने आदिवासियों को आतंकित करने फायरिंग की और उन्हें धमकाया। फायरिंग में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) राजीव कुमार गुप्ता ने आज बताया कि जिले के धनाचया गांव में कल रात्रि मोटर साइकिल पर आए नौ बदमाशों ने गोलीबारी की जिसमें दो ग्रामीणों को गोली लग गयी, जिससे वह घायल हो गए। घायल ग्रामीणों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गांव वालों ने एक आरोपी को बंदूक के साथ पकड़ लिया और मारपीट करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
एसडीओपी श्री गुप्ता ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल आरोपी को श्योपुर लाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में सात से आठ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुयी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को रवाना किया गया। उधर, घटना के बाद कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता थाने में एकत्रित हो गए। हमले में घायल प्रकाश और हरविलास आदिवासी ने बताया कि रात में कुछ लोग बाइक से आए थे। सभी के हाथ में बंदूक थी। आते ही उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। मना किया तो ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे।
श्योपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अतुल सिंह चौहान का आरोप है कि भाजपा के लोग अराजकता फैलाकर गुंडागर्दी की राजनीति करना चाहते हैं। गरीब आदिवासियों पर इस तरह फायरिंग ओछी मानसिकता को दर्शाती है। प्रशासन और पुलिस आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करें, नहीं तो कांग्रेस आदिवासियों के साथ लड़ाई लड़ेगी। विजयपुर में आचार संहिता लागू है। कल शाम 5 बजे ही चुनाव प्रचार थमा है। यहां 13 नवंबर को मतदान होना है।