झारखंड में चुनाव नहीं, ‘धर्म युद्ध’ हो रहा है – यादव

रांची/भोपाल, 11 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने झारखंड विधानसभा चुनाव को ‘धर्म युद्ध’ बताते हुए आज कहा कि यहां की जनता को अपने आसपास के माहौल खासतौर से ‘घुसपैठियों’ को लेकर सोच समझकर अपना मत व्यक्त करना चाहिए।

डॉ यादव ने झारखंड की गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रामकंदा और चिनिया बाजार तथा चतरा जिले की सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान डॉ यादव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनायीं और वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर यहां तेज गति से विकास कर चुनावी वादे पूरे किए जाएंगे।

डॉ यादव ने कहा कि झारखंड विधानसभा का चुनाव ‘धर्म युद्ध’ है। झारखंड की जनता तय करेगी कि इस ‘धर्म युद्ध’ में किसकी जीत होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में सनातन धर्म और हमारी संस्कृति के लिए चुनौती खड़ी हो गई है। सभी अपने घर के आसपास देखिए, कितने बांग्लादेशी घुसपैठिए आकर बस गए हैं। “कांग्रेस और सोरेन” जैसे लोग इन घुसपैठियों को वोट के लालच में सहयोग दे रहे हैं। ये घुसपैठिए आपकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, आपकी बहन-बेटियों का अपहरण कर उनकी इज्जत लूटना चाहते हैं। यह लोग रांची को भी “करांची” बना देंगे।

डॉ यादव ने कहा कि जब पाकिस्तान बना था, तब वहां हिंदुओं की आबादी 20 प्रतिशत थी, लेकिन आज वहां क्या हालात हैं, सब जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के रूप में “रोहिंग्या मुसलमानों” को झारखंड में बसाया जा रहा है और वहां हिंदुओं तथा आदिवासियों की आबादी कम होती जा रही है। अभी हमने देखा है कि बांग्लादेश में हिंदुओं और उनके धर्मस्थलों पर किस तरह से हमला किया गया था। हमने कभी किसी के धर्मस्थल पर आक्रमण नहीं किया, लेकिन ये लोग हमारी “चोटी, बेटी और मंदिर” की पूजा के विरोधी हैं। इसलिए यह चुनाव हमारी जमीन, हमारी बहन-बेटियों और हमारे सनातन धर्म के सम्मान को बचाने का चुनाव है।

डॉ यादव ने कहा कि झारखंड में रामराज्य की स्थापना के लिए हमें “कांग्रेस और सोरेन” की “लंका” को जलाना होगा। राज्य की “भ्रष्ट, बेईमान और निकम्मी” सरकार को रवाना करना होगा। मुख्यमंत्री ने इस अंचल के आदिवासियों और उनके पूर्वजों को देश की आजादी के आंदोलन में योगदान को रेखांकित किया और कहा कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस राज्य का तेज गति से विकास किया जाएगा। उन्होंने श्री बिरसा मुंडा को भी याद किया।

मुख्यमंत्री ने झारखंड की मौजूदा सरकार को बदलने की जरूरत बताते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है। अनेक घोटाले इस सरकार ने किए हैं। यहां की जनता इस सरकार की नीतियों से त्रस्त हो गयी है। उन्होंने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में भी बताया और दोहराया कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर पार्टी चुनावी वादे पूरे करेगी।

Next Post

विधानसभा उपचुनावों के लिए थम गया चुनावी शोरगुल

Mon Nov 11 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 11 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश में दो विधानसभा क्षेत्रों बुधनी और विजयपुर में उपचुनाव के लिए आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार अभियान की समय सीमा समाप्त होने के साथ ही चुनावी शोरगुल थम गया। अब प्रत्याशी […]

You May Like