श्योपुर, 10 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद सालों तक देश में राज किया परन्तु देश के विकास के स्थान पर खुद का विकास किया, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास एवं सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम किया है।
श्री तोमर ने आज जिले की विजयपुर विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी रामनिवास रावत के समर्थन में विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं एवं नुक्कड सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद सालों तक देश में राज किया परन्तु देश के विकास के स्थान पर खुद का विकास किया, जबकि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास एवं सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम किया है।
श्री तोमर ने कहा कि कांग्रेस छोड़ने के बाद श्री रावत क्षेत्र के विकास के लिए एक हजार करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्य संपन्न करा चुके हैं। भाजपा विकास की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है। एक करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों के खातों में प्रति माह 1250 रुपए भेजे जा रहे हैं। कांग्रेस ने कभी किसानों के हितों के लिए कार्य नहीं किया।