नयी दिल्ली (वार्ता) भारतीय मुक्केबाजों ने अंडर-19 विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण, आठ रजत और पांच कांस्य सहित कुल 17 पदक जीते। पदक जीतने वाले मुक्केबाजों में 11 खेलों इंडिया से जुड़े हैं और इनमें से आठ भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र के प्रशिक्षु हैं।
अमेरिका के कोलोराडो में आयोजित हुई इस चैंपियनशिप में पार्थवी ग्रेवाल, वंशिका गोस्वामी और हेमंत सांगवान ने स्वर्ण पदक जीते। शनिवार को समाप्त हुए टूर्नामेंट में 19 में 17 मुक्केबाजों ने पदक जीते। भारत को महिला वर्ग में 10 पदक और पुरुष वर्ग में सात पदक मिले।
पार्थवी ने महिलाओं के 65 किग्रा फाइनल में नीदरलैंड्स की आलिया होपेमा पर 5-0 से जीत दर्ज की। वंशिका ने 80 किग्रा वर्ग में जर्मनी की विक्टोरिया गैट को हराया और कृषा वर्मा ने महिला, 75 किग्रा में स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष वर्ग में हेमंत ने 90 किग्रा वर्ग में अमेरिका के रिशोन सिम्स पर 4-1 के विभाजित निर्णय से जीत हासिल करके स्वर्ण जीता।
इसके अलावा निशा (51 किग्रा), सुप्रिया देवी थोकचोम (54 किग्रा) और कृतिका वासन (80 किग्रा), चंचल चौधरी (महिला, 48 किग्रा), अंजलि सिंह (महिला, 57 किग्रा), विनी (महिला, 60 किग्रा), आकांक्षा फलसवाल (महिला, 70 किग्रा), राहुल कुंडू (पुरुष, 75 किग्रा) को रजत पदक मिले।
वहीं ऋषि सिंह (पुरुष 50 किग्रा), कृष पाल (पुरुष 55 किग्रा), सुमित (पुरुष 70 किग्रा), आर्यन (पुरुष 85 किग्रा), लक्ष्य राठी (पुरुष 90 से अधिक किग्रा) में कांस्य पदक हासिल किया।