भारतीय कंपनियों ने नहीं किया कानून का उल्लंघन : विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली, 02 नवंबर (वार्ता) भारत ने अमेरिका द्वारा भारत की 19 कंपनियों पर रूस को प्रतिबंधित सामग्री के निर्यात के आरोप में प्रतिबंध लगाये जाने पर आज स्पष्ट किया कि भारतीय कंपनियों ने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया है और भारतीय अधिकारी इस मुद्दे पर अमेरिकी अधिकारियों से बात कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज यहां नियमित ब्रीफिंग में भारतीय कंपनियों पर अमेरिकी प्रतिबंधों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “हमने अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर रिपोर्टें देखी हैं। भारत के पास रणनीतिक व्यापार और अप्रसार नियंत्रण पर एक मजबूत कानूनी और नियामक ढांचा है। हम तीन प्रमुख बहुपक्षीय अप्रसार निर्यात नियंत्रण व्यवस्थाओं – वासेनार व्यवस्था, ऑस्ट्रेलिया समूह और मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था के भी सदस्य हैं, और हम अप्रसार पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रासंगिक प्रतिबंधों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव संख्या 1540 को भी प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं।”

श्री जायसवाल ने कहा, “हमारी समझ यह है कि स्वीकृत लेनदेन और कंपनियां भारतीय कानूनों का उल्लंघन नहीं कर रही हैं। फिर भी, भारत की स्थापित अप्रसार साख को ध्यान में रखते हुए, हम लागू निर्यात नियंत्रण प्रावधानों पर भारतीय कंपनियों को संवेदनशील बनाने के लिए सभी संबंधित भारतीय विभागों और एजेंसियों के साथ काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें लागू किए जा रहे नए उपायों के बारे में भी सूचित कर रहे हैं जो कुछ परिस्थितियों में भारतीय कंपनियों को प्रभावित कर सकते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार की एजेंसियों द्वारा भारतीय उद्योगों और हितधारकों के लिए नियमित रणनीतिक व्यापार/निर्यात नियंत्रण आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हम मुद्दों को स्पष्ट करने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के भी संपर्क में हैं।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने गत 30 अक्टूबर को यूक्रेन में रूस के युद्ध प्रयासों में मदद करने के आरोप में 19 भारतीय कंपनियों और दो भारतीय नागरिकों सहित करीब 400 कंपनियों और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाया है। अमेरिका का आरोप है कि ये कंपनियां, रूस को वो सामान उपलब्ध करवा रही हैं, जिनका इस्तेमाल रूस, यूक्रेन युद्ध में कर रहा है।

 

 

Next Post

2 दिसंबर से शुरु होगी धान खरीदी

Sat Nov 2 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email पंजीयन पूर्ण, अब खरीदी केंद्रों का होगा आवंटन नवभारत, जबलपुर। किसानों द्वारा धान की फ़सल को समर्थन मूल्य में बेचने के लिए 2 दिसंबर से खरीदी शुरु हो रही है। जिसके लिए खरीदी केंद्रों के आवंटन की […]

You May Like