श्योपुर, 17 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंत्री रामनिवास रावत पर जनता से धोखा करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि जनता इस उपचुनाव में उन्हें इस धोखे का जवाब देगी।
श्री पटवारी, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह दो दिवसीय प्रवास पर श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा पहुंचे थे। आज प्रवास के दूसरे दिन नेताओं ने विजयपुर के ब्लाक अध्यक्षों, मण्डलम, सेक्टर के कांग्रेसजनों के साथ रायशुमारी कर पार्टी संगठन और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के संबंध में रणनीति पर चर्चा की।
श्री पटवारी ने कहा कि विजयपुर में हमेशा से ही कांग्रेस ने जीत हांसिल की है, लेकिन आज विजयपुर की जनता के साथ जो धोखा हुआ है उससे यहां की जनता हताश और निराश है। श्री रावत को कांग्र्रेस से 6 बार से अधिक विधायक बनाया और उन्होंने अपने स्वार्थ के लिए जनता के साथ विश्वासघात किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कि विजयपुर में जनता ठगी का शिकार हुई है, जिसका हिसाब यहां की जनता होने वाले उपचुनाव में भाजपा से जरूर लेगी। विजयपुर का उपचुनाव जनता का चुनाव है, विश्वास का चुनाव है। जिस व्यक्ति ने अपने स्वार्थ के लिए जनता द्वारा दिये गये स्नेह, मान सम्मान का गला घोट दिया हो ऐसे दलबदलुओं को सबक सिखाने के लिए जनता उतावली बैठी है।
श्री पटवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में महिला दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार, अपराध चरम पर हैं। शिक्षा, चिकित्सा, कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरायी हुई है। बहन-बेटियों की आबरू खतरे में हैं। युवाओं का भविष्य चौपट हो रहा है। तरह-तरह के भाफियाओं की सरकार इस प्रदेश में चल रही है। प्रदेश सरकार कर्ज लेकर प्रदेश को चला रही है। प्रदेश का हर वर्ग परेशान और हताश है, विजयपुर की जनता अब न्याय चाहती है।