कांग्रेस के बड़े से बड़े नेता चुनाव लड़ने को तैयार नही: यादव

सीधी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में 29 लोकसभा सीट हैं, लेकिन कांग्रेस के बड़े से बड़े नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हैं।

डॉ यादव ने यहां सीधी संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी राजेश मिश्रा का नामांकन पत्र दाखिल कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पद यात्रा निकाली, जहां-जहां से यात्रा निकली, लोग कहते हैं कांग्रेस छोड़ो यात्रा थी और वो जहां-जहां गए लोग कांग्रेस छोड़ते चले गये।

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि जनसंघ के जमाने से स्व.श्री वाजपेयी खाटी नेता थे। दुनिया में सबने देखा एक ऐसे असामान्य व्यक्तित्व जिन्होंने सामान्य जिंदगी से शुरूआत की,

अपने जीवन क्षण-क्षण और कण-कण देश सेवा के लिए समर्पित करने वाले स्व. श्री वाजपेयी विपक्ष के नेता रहे, जिनके जीवन में कांग्रेस के पांच-पांच प्रधानमंत्री का समयकाल निकला, लेकिन वो कभी घबराये नहीं, वे अपने सिद्धांतों के साथ अडिग चट्टान की तरह अडिग रहे। भाजपा ऐसे नेता की पार्टी है, हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

डाॅ यादव ने कहा कि किसी भी गति में रीति और प्रगति ये दो व्यवस्थाएं जुड़ती हैं। रीति रिवाज, हमारी परंपराएं, परंपराओं का पालन करने के लिए हमारी पार्टी को जाना जाता है और प्रगतिशील हमारी पार्टी है, जो अपने विचार के रास्ते के साथ-साथ समाज सुधार के अलावा दुनिया में भी हमारी मानवता को स्थापित करने के लिए युगों-युगों से जिन सिद्धांतों के लिए ये देश जाना जाता था, उसी भाव को आगे बढ़ाने के लिए भारत को जाना जाता था। पूरी दुनिया भारत को जानती है तो भारत के दर्शन के कारण जानती है। भारत की मानवता पर आधारित नीतियों के कारण जानती है। इसलिए हमारी अच्छाई और सच्चाई के आधार पर हजारों साल से लोग भारत को विश्व गुरू के नाम से जानते थे।

उन्होंने कहा कि हम तो उस देश के वासी हैं जहां भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और ऐसे तमाम ऋषि-मुनियों ने अपने जीवन से मानवता को स्थापित करके दिखाया। इसलिए हमारे यहां माना जाता है कि वसुधैव कुटुंबकम, वेदों की भाषा में सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया, हमारी जिंदगी मानवता का भला करने के लिए है। हम सब में बांट देने वाले ऋषियों की संतानें हैं, जिन्होंने दुनिया का सदैव भला किया, लेकिन एक तरफ भला करने वाले और एक तरफ लूटने वाले लोग, एक तरफ अच्छाई बांटने वाले और दूसरी तरफ सच्चाई छिपाने वाले लोग। ये चुनाव उनके बीच का है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ वो सारे लोग जो भारत की अच्छाइयों को नकारते हैं, जो हमारी संस्कृति को नकारते हैं, जो भाई को भाई से लड़ाना जानते हैं, जिनके लिए कुर्सी ही सब कुछ है। दूसरी तरफ भारत की सनातन परंपरा वैश्विक पटल पर लहराएं इसके लिए काम कर रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान विश्व में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में बनी है।

डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में लगातार दो बार सरकार बनाने के बाद अब तीसरी बार उनके कदम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम पर सवाल खड़ा करने वाली कांग्रेस को इस चुनाव में जनता उन्हें जवाब देगी।

Next Post

मतदान दिवस के कवरेज में शामिल प्राधिकृत पत्रकारों को भी मिलेगी पोस्टल बैलेट से वोट करने की सुविधा

Thu Mar 21 , 2024
भोपाल,  भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अब मतदान दिवस के कवरेज में शामिल प्राधिकृत पत्रकारों को भी पोस्टल बैलेट से वोट डालने की सुविधा प्रदान की गयी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार आयोग ने गत दिवस अधिसूचना जारी कर पत्रकारों के कार्य को अत्यावश्यक सेवा श्रेणी में स्थान देकर यह सुविधा […]

You May Like